Cyclone Arnab Live: साइक्लोन ‘अर्नब’ का तांडव शुरू… तटीय सड़कों से टकराईं ऊंची समुद्री लहरें, आंध्र प्रदेश में रेड अलर्ट जारी

Cyclone Arnab Live Updates: चक्रवात अर्नब बंगाल की खाड़ी में बहुत प्रचंड चक्रवाती तूफान बन चुका है. 28 अक्टूबर सुबह आंध्र प्रदेश के बापटला से विशाखापत्तनम तट पर 115-125 किमी प्रति घंटा हवा के साथ लैंडफॉल होगा. 89000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है. कई ट्रेनें रद्द हैं. स्कूल बंद हैं. भारी बारिश और बाढ़ का खतरा है.
चक्रवात ‘अर्नब’ के आंध्र प्रदेश के तट से टकराने की आशंका के बीच आंध्र प्रदेश और ओडिशा में तैयारियां तेज कर दी गई हैं. मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार तड़के 2 से 4 बजे के बीच विशाखापत्तनम के पास लैंडफॉल हो सकता है.
इस दौरान हवा की रफ्तार 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटे और झोंकों में 150 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. दोनों राज्यों में हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है. रेलवे ने कई ट्रेनें रद्द की हैं, जबकि विजयवाड़ा और विशाखापत्तनम हवाई अड्डों से उड़ानें भी प्रभावित हुई हैं. ओडिशा के 16 जिलों में स्कूल बंद किए गए हैं.
चक्रवात के प्रभाव से पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में भी बारिश हुई. मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण 24 परगना और पूर्व मेदिनीपुर में मध्यम बारिश दर्ज की गई. झारग्राम, पश्चिम मेदिनीपुर, हावड़ा और कोलकाता के कुछ इलाकों में भी बारिश हुई.
9:56 PM(6 मिनट पहले)
चक्रवात अर्नब पर नजर, श्रीकाकुलम प्रशासन के संपर्क में राम मोहन नायडू
Posted by :- Anurag
केंद्रीय मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु ने कहा है कि चक्रवात अर्नब के करीब आने के बीच आंध्र प्रदेश में लोगों की जान बचाने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं. उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू के नेतृत्व में राज्य सरकार चक्रवात से निपटने की तैयारी कर रही है. राम मोहन नायडू ने बताया कि वह श्रीकाकुलम जिला प्रशासन के भी लगातार संपर्क में हैं और हालात पर नजर रख रहे हैं. उन्होंने लोगों से अपील की कि वे प्रशासन की आधिकारिक सलाह का पालन करें, सतर्क रहें और अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता दें.
9:48 PM(14 मिनट पहले)
ओडिशा के गोपालपुर में तेज हवाएं, भारी बारिश
Posted by :- Anurag
चक्रवात अर्नब के पूर्वी तट के करीब पहुंचने के साथ ही गंजाम जिले के गोपालपुर में तेज हवाएं चल रही हैं और भारी बारिश हो रही है.
